प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के हंडिया-जंघई मार्ग पर हादसा हो गया। जौनपुर जनपद के बादशाहपुर क्षेत्र में आयोजित भरत मिलाप कार्यक्रम से लौट रही सवारियों से भरी मैजिक हंडिया-जंघई मार्ग पर जैतापुर गांव के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सोमवार को भोर में हुआ। सवारियों की चीख पुकार सुनकर जुटे ग्रामीणों ने वाहन के नीचे दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में किया गया। हालत नाजुक होने पर शहर रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मची रही। घायलों को एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी सरांयपीथा धनूपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आदित्य मौर्य उर्फ छोटू निवासी वार्ड पांच हंडिया तथा मैजिक चालक अखिलेश निवासी तारागांव को शहर के अस्पताल में भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने के पहले ही छोटू की सांसें थम गईं। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अखिलेश का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छोटू कस्बे के ही एक इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था। पिता कमलाशंकर राज मिस्त्री हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने विधिक कार्रवाई के बिना ही मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया। दुर्घटना में घायल शिवम, सोनू, दीपक, रमा, अंशू, अभिषेक, नीरज, संतोष, संजू, सुषमा, पूजा, रीता, मनीषा, कपिल, अतुल, रवि, रामगरीब, अंकित को प्राथमिक उपचार की बाद छोड़ दिया गया। कुछ घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।