मेजा, प्रयागराज (राजेश शुक्ल/विमल पाण्डेय)। तकरीबन पखवाड़े भर के बाद मौसम ने एक बार फिर अंगड़ाई ली है। गुरुवार की दोपहर में सूर्य की किरणें लोगों को काफी राहत दी। तीन दिन से भगवान भाष्कर के बादलों में छिपे रहने से पारा काफी नीचे लुढ़क गया था। तापमान में आई गिरावट व बर्फीली हवाएं लोगों पर सितम ढ़ा रही थी। गुरुवार सुबह कोहरा न होने और बादलों के छाए रहने से ठंड बढ़ गई थी, अचानक 12 बजे धूप निकलने से आम जनमानस राहत महसूस करता दिखाई दिया। तीन दिनों से घने कोहरे के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। हालांकि मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को ठंड का असर कम रहा। लेकिन बर्फीली पछुआ हवाओं एवं गलन से जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। ठंड और कोहरे में भी स्थानीय तहसील प्रशासन चौक-चौराहे या सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नजर नहीं आई। बुधवार देर शाम मेजा रोड में स्थानीय लेखपाल धवल पाण्डेय द्वारा अलाव की व्यवस्था की गई जो ऊंट के मुंह में जीरा के समान रहा।