Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: एलएलबी के छात्र पर रॉड-हॉकी से हमला कर किया अधमरा, पांच लोगों पर मुकदमा

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के हैप्पी होम बमरौली के पास चड्ढा गार्डेन के बाहर गुरुवार रात एलएलबी के एक छात्र पर जानलेवा हमला किया गया। थार से आए पांच हमलावरों ने राड व हाकी से तब तक छात्र को पीटा, जब तक वह खून से लथपथ होकर गिर नहीं गया। सरेआम हुई घटना को देख लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। शुक्रवार को पूरामुफ्ती पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम भी लगा दी गई है। 
धूमनगंज थानांतर्गत प्रीतम नगर निवासी सुरेंद्र कुशवाहा का पुत्र हेमंत एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। गुरुवार रात वह अपने पिता सुरेंद्र व मां के साथ हैप्पी होम बमरौली के पास चड्ढा गार्डेन में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 11 बजे हेमंत गार्डेन के बाहर खड़ी कार से अपनी जैकेट निकालने गया। उसी समय एक थार वहां आकर रुकी।
आरोप है कि उसमें सवार लोग अपशब्द कहते हुए नीचे उतरे। सभी के हाथ में लोहे का राड व हाकी थी। हेमंत कुछ समझ पाता, इसके पहले उस पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उसे घेरकर इतना पीटा कि वह खून से लथपथ हो गया। कार में भी तोड़फोड़ की गई। मदद की आवाज लगाने पर वैवाहिक समारोह में मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो हमलावर वाहन में सवार होकर भाग निकले। जाते-जाते पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घायलावस्था में हेमंत को पूरामुफ्ती थाने ले जाया गया। उसका सिर फटा था, जबकि हाथ, पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट आई थी। आननफानन में पुलिस उसे अस्पताल ले गई। सुरेंद्र कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर शुभम नामक युवक को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना प्रभारी पूरामुफ्ती मनोज सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad