प्रयागराज (राजेश सिंह). नैनी इलाके के मेवालाल बगिया तिराहे के निकट शुक्रवार सुबह झाड़ू लगाते वक्त कार की टक्कर लगने से महिला सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। कार ड्राइविंग सीख रही महिला की लापरवाही से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद वह कार लेकर आगे बढ़ गई। अस्पताल ले जाने पर महिला को मृत बताए जाने के बाद नाराज सफाई कर्मचारियों ने नैनी थाने का घेराव किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। किसी तरह पुलिस ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराने के बाद शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
नैनी के त्रिवेणी नगर निवासी मुन्नी देवी (60) पत्नी स्व. अमृतलाल नगर निगम में संविदा पर सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थी। शुक्रवार सुबह वह मेवालाल की बगिया तिराहे से थाने की ओर जाने वाली सड़क पर झाड़ू लगा रही थी। थक जाने पर सड़क के किनारे बैठक कर सुसता रही थी। उसी दौरान कार चलाना सीख रही महिला की कार मुन्नी देवी को रौंदते हुए आगे निकल गई। घटना के बाद महिला कार लेकर चली गई। साथी कर्मचारी मुन्नी देवी को आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में नगर निगम के सफाईकर्मी नैनी थाने के सामने एकत्र होकर गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। काफी समझाने बुझाने के बाद लोग शांत हुए। मुन्नी देवी के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इस दुखद घटना से घर में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि मुन्नी देवी को रौंदने वाली कार खोजी जा रही है।