प्रयागराज (राजेश शुक्ला/राजेश सिंह)। बकरीद का त्योहार आज मनाया जा रहा है। मस्जिदों में नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग बकरों की कुर्बानी देंगे। प्रयागराज में नमाजियों की सुविधा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अलग-अलग मस्जिदों में बकरीद की नमाज का समय भी अलग है। ईदगाह में नमाज सुबह नौ बजे होगी। अन्य मस्जिदों में भी नमाज के अलग-अलग समय तय हुए हैं। कई मस्जिदों में बकरीद की नमाज पढ़ी जा चुकी है।
*मस्जिदों में नमाज का समय*
- ईदगाह- सुबह नौ बजे
- बुड्ढा ताजिया मस्जिद- सुबह 8.00 बजे
- दोंदीपुर मस्जिद- सुबह 9.00 बजे
- सलामत मस्जिद सब्जी मंडी- सुबह 8.00 बजे
- हरी मस्जिद धोबी घाट- सुबह 8.00 बजे
- चौक जामा मस्जिद- सुबह 7.30 बजे, दूसरी जमात-सुबह 8.30 बजे
- सौदागर मस्जिद रेलवे स्टेशन- सुबह 6.30 बजे
- बरनतला मस्जिद-सुबह 7.00 बजे
अमन-चैन के बीच त्योहार और नमाज में अल्लाह से दुआ मांगने के लिए शनिवार देर शाम तक घर परिवार में तैयारी होती रही। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में साफ सफाई, बिजली और पानी की सुविधा सुनिश्चित करने के साथ पुलिस और प्रशासनिक इंतजाम भी हुए। बकरों की बाजार भी देर रात तक लगी रही। बकरीद इस्लाम धर्म में मीठी ईद के बाद दूसरा प्रमुख त्योहार माना जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग अपने पूर्वजों के नाम पर बकरों की कुर्बानी देते हैं। अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ लोग भेंड़ और ऊंट की कुर्बानी भी देते हैं। तीन हिस्से में हाेता है गोश्त का वितरणकुर्बानी के बाद गोश्त तीन हिस्सों में बांटा जाता है। एक हिस्सा अपने आस पड़ोस में गरीब या अन्य जरूरतमंदों के लिए, दूसरा हिस्सा रिश्तेदारों के घर भेजा जाता है और तीसरे हिस्से को लोग अपने घर में पकाते हैं।
बकरीद को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुराने शहर से लेकर संवेदनशील इलाकों में पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ के जवानों की तैनाती की गई है। शहर को जोन व सेक्टर के अनुसार बांटकर मजिस्ट्रेट के साथ फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार अलसुबह से लेकर कुर्बानी तक पुलिस को पूरी तरह से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिस की मोबाइल और क्यूआरटी टीम भी मुस्तैद रहेगी। संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति-व्यवस्था में खलल डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।