प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के गोहरी व खेवराजपुर में दो परिवारों की नृशंस हत्या में जेल भेजे गए कुख्यात खरवार गैंग के आठ आरोपियों के डीएनए सैंपल जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे पुलिस का खुलासा भी सवालों के घेरे में है। फाफामऊ के गोहरी में पिछले साल 24 नवंबर की रात एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इस साल 26 अप्रैल को थरवई के खेवराजपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। सात मई को पुलिस ने बिहार के कुख्यात खरवार गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर दोनों मामलों के खुलासे का दावा किया।
13 शामिल थे, नौ गिरफ्तार व चार फरार
इनमें से तीन को मुठभेड़ में गोली भी लगी और उनकी निशानदेही पर चार अन्य को गिरफ्तार किया गया। बाद में दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह दोनों हत्याकांडों में कुल नौ लोग जेल भेजे गए। पुलिस ने दावा किया कि दोनों हत्याकांडों में गिरोह के कुल 13 सदस्य शामिल थे, जिनमें से चार अभी फरार हैं। खुलासे के दौरान ही अफसरों ने यह भी बताया कि हत्या के बाद गोहरी व खेवराजपुर में मृत तीन महिलाओं से दुष्कर्म भी किया गया। जेल भेजे गए कुल नौ आरोपियों में से एक महिला है। ऐसे में उसे छोड़कर अन्य आठ के डीएनए सैंपल जांच के लिए एफएसएल भेजे गए। दरअसल मृतक महिलाओं के वैजाइनल स्वैब स्लाइड की जांच में स्पर्म मिलने पर यह बात सामने आई थी कि उनके साथ दुष्कर्म हुआ। ऐसे में आरोपियों के डीएनए सैंपल को मिलान के लिए एफएसएल भेजा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि सभी आठों आरोपियों के डीएएन सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव हुई है। यानी उनका मिलान मृतक महिलाओं के वैजाइनल स्वैब में मिले स्पर्म के डीएनए सैंपल से नहीं हुआ है।
आखिर.. तो कौन हत्यारे
डीएनए सैंपल जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद पुलिस के खुलासे पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारों का कहना है कि आठ में से एक के भी डीएनए सैंपल का मिलान नहीं होने से एक सवाल यह भी है कि हत्या के बाद महिलाओं से दुष्कर्म करने वाले आखिर कौन थे।
पुलिस अधीक्षक गंगापार अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि यह बात जानकारी में आई है कि जेल में बंद आरोपियों के डीएनए सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन अभी इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपी फरार हैं। बहुत संभव है कि महिलाओं से दुष्कर्म करने वाले गैंग के वही पुरुष सदस्य हों, जो फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पकड़े जाने के बाद उनका भी डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।