प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मे सड़क पर अस्त व्यस्त कपड़ों में तड़पती युवती के मिलने से सनसनी फ़ैल गई। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। सुचना पर पंहुची इलाकाई पुलिस उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया और छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो बताया गया कि सुबह वे उधर से जा रहे थे तो युवती को सड़क पर तड़पते देखा। ग्रामीणों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि युवती के होश आने पर पूरा मामला स्पष्ट होगा। युवती प्रयागराज शहर के गंगापार स्थित झूंसी क्षेत्र की ही रहने वाली है। ग्रामीणों ने उसकी पहचान कर उसके घरवालों को इसकी जानकारी दी तो वह भी मौके पर पहुंचे। अभी वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। युवती कब और किसके साथ घर से निकली थी, इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। युवती को जहां फेंका गया था, वह सुनसान इलाका है। आसपास कोई गांव नहीं है। भू चुंबकत्व केंद्र में भी कोई नहीं रहता है। दिन ढलने के बाद इधर से लोगों की आवाजाही भी कम हो जाती है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि किसी चार पहिया वाहन से लाकर युवती को वहां फेंका गया था। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती युवती की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उसकी हालत में पूरी तरह से सुधार होने पर ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। वह यहां तक कैसे पहुंची और उसकी हालत के पीछे जिम्मेदार कौन है, सब कुछ सामने आएगा। इसके बाद ही पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल इलाकाई पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।