प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज जिले के यमुनापार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसरा में भर्ती प्रसूता की मौत पर हंगामा हुआ। 24 वर्षीया सुशीला पत्नी रोहित पटेल की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इसे लेकर मृतका के घर वालों ने डाक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। स्थानीय लोग भी साथ में आ गए और फिर रास्ताजाम कर दिया गया। मृतका के घरवाले डाक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित के आश्वासन के बाद पुलिस को तहरीर देने के बाद मामला शांत हुआ। कौंधियारा के गोंठी गांव निवासी रोहित पटेल ने अपनी पत्नी सुशीला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसरा में शुक्रवार शाम भर्ती कराया था। शनिवार सुबह सुशीला ने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और कुछ ही देर में मौत हो गई। सुशीला की मौत की जानकारी मिली तो उसके घरवाले आक्रोशित हो उठे। अस्पताल के भीतर ही डाक्टर और कर्मचारियों से नोकझोंक होने लगी। कुछ ही देर में रोहित पक्ष के काफी लोग अस्पताल पहुंचे और फिर सड़क पर शव रखकर रास्ताजाम कर दिया गया। रोहित का कहना है कि वह पानी लेने अस्पताल से बाहर गया था और जब वापस आया तो उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। उसने डाक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। रोहित ने घूरपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी है।
प्रयागराज थाना घूरपुर क्षेत्रांर्गत ग्राम हुयी घटना के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक यमुनापार सौरभ दीक्षित द्वारा दी गयी बाईट
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। मामले की तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।