प्रयागराज (राजेश सिंह)। बाहुबली माफिया पूर्व सांसद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन मैनपुरी से लोकसभा का उपचुनाव नहीं लड़ेंगी, बल्कि प्रयागराज से ही मेयर पद के लिए मैदान में उतरेंगी। हालांकि, इसके लिए वह पहले बसपा सुप्रीमो मायावती से मिलेंगी। अगर मायावती तैयार हो गईं तो शाइस्ता बसपा और एआइएमआइएम गठबंधन से मेयर पद के लिए मैदान में उतरेंगी।
शाइस्ता ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में महापौर पद पर अपनी दावेदारी के बारे में बताया। शाइस्ता के अनुसार वह अपने पति से मिलने साबरमती जेल गईं थीं। उनके पति ने कहा कि प्रयागराज में महापौर की सीट सामान्य हो या आरक्षित, चुनाव लड़ना है। इसलिए वह महापौर पद के लिए चुनाव लड़ेंगी। कहा कि स्व. मुलायम सिंह यादव की सीट मैनपुरी पर होने वाले उपचुनाव पर डिंपल यादव चुनाव लड़ने जा रही हैं। मुलायम सिंह की सीट से शिवपाल यादव काे चुनाव लड़ाया जाना चाहिए, क्योंकि उनका पहला हक है। शाइस्ता ने कहा कि उनके बेटों को फर्जी मामले में फंसाया गया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है। समय मिलते ही वह उनसे मिलने जाएंगी। बेटों को इंसाफ दिलाने के लिए वह जांच की मांग करेंगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आइजी पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि आइजी विरोधियों के साथ मिल गए हैं और बदनाम एडीजी एसटीएफ को कर रहे हैं। कहा कि 20 नवंबर के बाद संभवत: मुख्यमंत्री से मिलने का समय उनको मिलेगा। सीएम से वह आइजी की शिकायत कर जांच की मांग करेंगी।