मेजा, प्रयागराज (राजेश गौड़/श्रीकान्त यादव)। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते दो महीने बाद भी अभी तक पांटून पुल का निर्माण नही हो सका है। जिससे आने जाने वाले लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि सिरसा गंगा फेरी घाट तथा मदरा टेला गंगा घाट पर विभागीय लापरवाही के चलते दिसंबर महीने में भी पांटून पुल का निर्माण नहीं हो सका है। जबकि उक्त पांटून पुल पहले अक्टूबर माह के अंत तक बन जाता था। वहीं देखा जाए तो गंगा घाटों पर चलने वाली नावों पर क्षमता से ज्यादा सवारियों को भरकर गंगा इस पार से उस पार किया जा रहा है। जिसके चलते हादसे का भय बना हुआ है। देखा जाए तो दशहरे के बाद पांटून पुल का निर्माण शुरू हो जाता था तथा दीपावली के बाद पुल पर आवागमन शुरू हो जाता था। लेकिन इस बार पुल बनने की नींव ही नहीं पड़ सकी है। शादी विवाह के सीजन में लोग जान जोखिम में डालकर नावों से यात्रा करने को मजबूर हैं। यात्रा करने वाले राहगीरों ने कहा कि एक तो समय से पुल नही बना है और एक ही नाव होने से समस्याएं हो रही हैं। कम से कम गंगा घाटों पर प्रशासन की तरफ से दो नाव लगवाई जाए जिससे कि घंटों घाट पर इंतजार कर रहे लोग समय से अपने गंतव्य की ओर जा सके। आखिर अब तक क्यों विभागीय लापरवाही के चलते पुल का निर्माण नही हो सका। इसका कुछ पता नही है।