प्रयागराज (राजेश सिंह)। बारा विकास खंड कार्यालय पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गांवों में विकास कार्यों के नाम पर धांधली का आरोप लगाया। खंड विकास अधिकारी के विरोध में भी नारेबाजी की।
कौंधियारा विकास खंड में खंड विकास अधिकारी पर क्षेत्र पंचायत सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों में बड़े पैमाने पर सरकारी धन का दुरुपयोग व बंदरबांट करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में गांव पर्चे भी बांटे। ब्लॉक मुख्यालय पर भी पहुंचे दर्जनों लोगों के द्वारा खंड विकास अधिकारी कौंधियारा मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
विरोध प्रदर्शन में शामिल किसान नेता व सामाजिक कार्यकर्ता सोभनाथ शुक्ला के द्वारा आरोप लगाते हुए बताया गया कि खंड विकास अधिकारी कौंधियारा ने अलग-अलग ग्राम सभाओं में मनरेगा के तहत कराए गए अधूरे कार्यों को भी पूर्ण दिखा कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया। इसकी जांच होनी चाहिए। इसकी शिकायत डीएम के अलावा सीएम से भी की गई है।
विकास खंड के ही अंतर्गत आने वाले बेनीपुर ग्राम सभा के क्षेत्र पंचायत सदस्य मृदुल तिवारी ने बताया कि खंड विकास अधिकारी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कार्यालय से बाहर डांट कर भगा देती हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के द्वारा कहीं गई किसी भी बात को खंड विकास अधिकारी नहीं मानती और वह अपने मनमाने तरीके से कार्य करती हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों में शामिल अन्य लोगों के द्वारा भी इसी तरह का आरोप खंड विकास अधिकारी कौंधियारा पर लगाए गए। खंड विकास अधिकारी कौंधियारा मीना सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा कि ग्राम सभाओं में जो भी विकास कार्य कराए गए हैं, वह मानक के अनुसार हुए हैं। कोई भी इसकी जांच करा सकता है।