प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने पुलिस विभाग के दरोगा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की है। श्रृंग्वेरपुर चौकी प्रभारी रह चुके दरोगा आशीष कुमार राय के खिलाफ प्रयागराज एंटी करप्शन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में विवेचना शुरू कर दी गई है।
जांच के अनुसार करीब 5.5 वर्ष की सेवा अवधि में दरोगा की वैध आय लगभग ₹35.39 लाख आंकी गई, जबकि इस दौरान उनके द्वारा ₹46.34 लाख से अधिक खर्च किए जाने का उल्लेख है। जांच में वैध आय की तुलना में करीब ₹10.94 लाख, यानी 30.92 प्रतिशत अधिक रकम खर्च किए जाने की बात सामने आई है।
एंटी करप्शन जांच के मुताबिक अतिरिक्त रकम का इस्तेमाल बीमा पॉलिसियों, म्यूचुअल फंड और संपत्ति खरीद सहित अन्य मदों में किया गया। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और संपत्तियों व वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
