लड़के वालों ने बड़ी के बजाय छोटी बहन को किया पसंद, दो दिन से टेंशन में थी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में यमुना पुल से बुधवार की दोपहर एक युवती ने छलांग लगा दी। नदी में डूबकर उसकी मौत हो गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। युवती अपनी बड़ी बहन का रिश्ता तय न हो पाने से टेंशन में थी। लड़के वाले आते थे लेकिन बड़ी के बजाय उसे पसंद करके चले जाते थे। युवती की ख्वाहिश थी कि पहले बड़ी बहन की शादी हो जाए। ऐसा न हो पाने पर नाराज होकर वह घर से निकली थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रयागराज के धूमनगंज थाना अंतर्गत मीरा पट्टी मोहल्ला निवासी रामचंद्र की मौत हो चुकी है। परिवार में पत्नी गुड़िया देवी के अलावा 2 बेटियां रिया (29) और प्रिया (27) हैं। दोनों बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है। प्रिया धूमनगंज में एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी। मां बड़ी बेटी रिया की शादी के लिए बहुत प्रयासरत थी। शादी के लिए जो भी लड़के आते थे। वह रिया के बजाय प्रिया को पसंद करके चले जाते थे।
परिजनों के अनुसार छोटी बहन प्रिया का कहना था कि जब तक उसकी बड़ी बहन की शादी नहीं होगी, वह भी शादी नहीं करेगी। इसी बात को लेकर वह टेंशन में रहती थी। दो दिन पहले रिश्ते वाले आए थे। लड़के वालों ने किसी कारण बड़ी बहन के बजाय प्रिया को पसंद कर लिया। इससे प्रिया टेंशन में आ गई। मां ने समझाया था कि अभी वह ही शादी कर लें, आगे बड़ी बहन की भी शादी हो जाएगी।
मां ने बताया कि बुधवार की सुबह प्रिया घर से निकली। पूछने पर बताया कि 10 मिनट में आ रहे हैं। इसके बाद नहीं लौटी। दोपहर 12:30 बजे के करीब सूचना मिली कि वह यमुना पुल से कूद गई है। इसके बाद मौके पर परिजन पहुंच गए। पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर मनोज निषाद ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से 300 मीटर दूरी पर प्रिया की लाश बरामद की।
इंस्पेक्टर आशीष चौबे ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घरवाले भी कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।