मांडा, प्रयागराज (शशिभूषण द्विवेदी)। बहू बेटे और नातियों की पिटाई और प्रताड़ना से परेशान वृद्ध न्याय के लिए विभिन्न अधिकारियों के यहाँ चक्कर लगा रहा है और अपने ही घर में नहीं घुसने पा रहा है।
थाना क्षेत्र के हड़िया गाँव निवासी वृद्ध राम सजीवन ने मांडा थाने से लेकर डीसीपी कार्यालय तक प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पा रहा। वृद्ध का आरोप है कि उसकी पत्नी का निधन बीस साल पहले हो गया था, तभी से बेटे बहू ने उसे अलग कर दिया है। वह फेरी लगाकर अपना पेट पालता है। आम के पेड़ में अच्छा फल होने पर एक पखवाड़े पहले उसने अपनी बहन को दो सौ आम दे दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसके बेटे, बहू, दो नाती आम के पेड़ से छ मई को रात में सारा आम तोड़ने लगे। जब वृद्ध ने रोका, तो सभी ने मिलकर वृद्ध को पीटा। मारपीट में वृद्ध के दो दांत भी टूट गये। वृद्ध ने थाने में तहरीर दे दी। इसी बात से नाराज होकर बेटे बहू ने उसको उसके घर में भी रहने पर रोक लगा दी है। पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर वृद्ध ने न्याय की गुहार की है, लेकिन अभी तक उसे कहीं से भी न्याय नहीं मिल पाया है।