प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज नगर निगम की भाजपा पार्षद सुनीता चोपड़ा के भतीजे सनी चोपड़ा ने सफाई कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। यही नहीं उसने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी होते ही सफाई कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को काम ठप करने के बाद कोतवाली का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में जुटे सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली के सामने पुलिस और पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
करीब दो घंटे तक हंगामे के चलते हलचल मच गई। बाद में बैकफुट पर आए पार्षद के भतीजे ने सबके सामने सफाई कर्मी से माफी मांगी। करीब दो घंटे के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने कामकाज शुरू किया। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सभी कर्मचारी पार्षद के भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और उसको गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। सफाई कर्मचारियों की एकजुटता देख पार्षद का भतीजा बैकफुट पर आ गया और उसने मौके पर आकर अपनी गलती के लिए माफी मांगी।