प्रधान के द्वारा बनवाया गया खड़ंजा दबंगों ने उखाड़ा, रोका रास्ता
न्याय के लिए थाना व पुलिस चौकी का चक्कर लगा रही महिला
प्रयागराज (राजेश सिंह)। सीपी साहब.. आपके आदेशों का पालन हंडिया पुलिस नहीं कर रही है। जिससे पीड़ित महिला पुलिस चौकी व थाने का चक्कर लगा रही है। पूरा मामला कमिश्नरेट प्रयागराज के हंडिया कोतवाली क्षेत्र के सैदाबाद पुलिस चौकी अंतर्गत अंजोरवा गांव का है, जहां प्रधान द्वारा बनवाए गए खड़ंजा को दबंगों द्वारा उखाड़ दिया गया और महिला का रास्ता रोक दिया गया।
गनेशीपुर अंजोरवा गांव निवासी महिला संतोषी देवी पत्नी शिवशंकर ने बीते महीने पुलिस चौकी व हंडिया थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके गांव के ही दबंग व सरहंग किस्म के व्यक्ति गांव में प्रधान द्वारा बनवाए गए खड़ंजा मार्ग को उखाड़ कर रास्ता अवरूद्ध कर दिया और उस रास्ते से आने-जाने के लिए महिला व उसके परिवार को रोक दिया गया। विरोध पर महिला को गाली-गलौज व मारपीट की धमकी दी गई। मामले में हंडिया पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की बल्कि मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। पीड़ित महिला उपजिलाधिकारी हंडिया के यहां प्रार्थना पत्र दिया। फिर भी पुलिस मामले को नहीं सुलझा सकी। अंततः थक हार कर महिला ने पुलिस कमिश्नर के यहां शिकायती पत्र देकर मामले के निस्तारण की गुहार लगाई। वहां से हंडिया पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदेशित किया गया लेकिन फिर भी पुलिस के कान में जूं तक नहीं रेंगी। महिला का आरोप है कि रास्ता रोकने व खड़ंजा उखाड़ने वाले लोगों के घर में एक युवक सिपाही पद पर कानपुर में तैनात है। उसी के प्रभाव से सैदाबाद पुलिस चौकी व हंडिया कोतवाली की पुलिस नहीं सुन रही है।