Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

हरियाणा निकाय चुनाव के लिए सज गया ‘रण’, ड्यूटी पर रहेंगे 30 हजार कर्मचारी

sv news

चंडीगढ़। निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए राज्य चुनाव आयोग की पूरी तैयारी है। प्रदेश सरकार के 30 हजार अधिकारी और कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर रहेंगे। वहीं, हरियाणा पुलिस के भी 10 हजार कर्मचारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए हैं।

प्रदेश में संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। कुछ वार्डों में केवल एक प्रत्याशी होने के कारण संबंधित उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए।

फरीदाबाद निगम के वार्ड- 36, गुरुग्राम निगम के वार्ड-22, करनाल निगम के वार्ड-8 व 11 तथा यमुनानगर निगम के वार्ड-9 में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इसी नगर परिषद अंबाला सदर के वार्ड-24 एवं थानेसर के वार्ड -7 और 32 में भी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। नगर पालिकाओं में 17 वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन हुआ है।

हिसार में निकाय चुनाव के लिए 239 मतदान केंद्रों पर मतदान होना है। इन केंद्रों और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए साढ़े 1400 जवान तैनात किए गए है। शहर में 15 जगह पुलिस की नाकाबंदी रहेगी। पुलिस प्रशासन चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संजीदगी बरते हुए है।

मतदान की पूर्व संध्या पर चुनाव पुलिस पर्यवेक्षण अधिकारी हामिद अख्तर और पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने स्ट्रांग रूम और मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। निकाय चुनाव के लिए 239 मतदान केंद्रों पर मतदान होना है। चुनाव पर्यवेक्षण अधिकारी और एसपी ने मतदान बूथों का निरीक्षण किया।

हरियाणा के 33 स्थानीय निकायों में मतदान होगा। स्थानीय निकायों के पहले चरण में आज रविवार को होने वाले मतदान में सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव भी होंगे। कुल 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

हालांकि, मतदाताओं को नतीजों के लिए 12 मार्च तक इंतजार करना होगा। नौ मार्च को पानीपत नगर निगम के आम चुनाव होने हैं, जिसके बाद सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे।

मतदान से पहले मॉक ड्रिल

बराडा में एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अमित भारद्वाज ने कहा कि नगरपालिका चुनाव में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान करवाने में लगी हुई है ऐसे सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा से करें। 

अमित भारद्वाज शनिवार को डीएवी स्कूल बराड़ा में पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित करने से पूर्व पोलिंग पार्टियों को दिशा निर्देश दे रहे थे। भारद्वाज ने बताया कि मतदान प्रक्रिया से पूर्व सुबह 7 बजे मॉक पोल करवाना अवश्य सुनिश्चित करें।

चुनाव शुरू होने से पहले किया जाने वाला मॉक पोल चुनाव को पारदर्शी बनाने की सबसे अहम कसौटी है। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो जाना चाहिए।

इसलिए अपनी मॉक पोल की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू कर दें और इसे सभी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के एजेंटों की उपस्थिति में करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad