प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में होली के दिन दोस्तों संग संगम स्नान के लिए गए दो युवक हादसे का शिकार हो गए। स्नान करते वक्त नारियल से खेलते हुए दोनों गहराई में जाकर डूब गए और जब तक बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों झूंसी स्थित क्रिया योग आश्रम के कर्मचारी थे और मूल रूप से जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के रहने वाले थे। मृतकों में 25 वर्षीय अजीत शर्मा और 24 साल के विजय शर्मा शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक उनके दोस्तों ने बताया कि दोपहर में पांच लोग स्नान करने संगम पहुंचे। वहां सभी स्नान करने के दौरान नारियल से खेलने लगे और इसी दौरान अजीत गहराई में जाकर डूबने लगा। उसे बचाने के चक्कर में विजय भी गहराई में चला गया और फिर दोनों देखते ही देखते पानी में समा गए। दोस्तों ने शोर मचाया तो जल पुलिस की टीम उन्हें बचाने दौड़ी लेकिन तब तक दोनों डूब चुके थे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
दारागंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि दोनों पिछले दो-तीन साल से क्रिया योग आश्रम में रहकर काम करते थे। जल पुलिस प्रभारी जनार्दन साहनी ने बताया कि पानी में खेलते देखकर युवकों को रोका गया था लेकिन वह नहीं माने। जल पुलिस की बात अनसुनी करके गहराई की ओर चले गए और इसके चलते ही यह हादसा हुआ।