1 महीने से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला, जेई-एसडीओ पर लापरवाही का आरोप
मांडारोड, प्रयागराज (शशिभूषण द्विवेदी)। मांडा क्षेत्र के सुरवा दलापुर पॉवर हाउस की लापरवाही के खिलाफ रविवार शाम ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दलापुर, मंडार सहित कई गांवों में एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिसे आज तक नहीं बदला गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जेई और एसडीओ की मिलीभगत और लापरवाही की वजह से एक महीने से ज्यादा समय से ट्रांसफार्मर खराब है। शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली न होने से गांवों में पानी, पढ़ाई और दैनिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हैं।
रविवार शाम 5 बजे ग्रामीणों के साथ सपा नेताओं ने पॉवर हाउस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ई विकास मौर्य, सपा नेता सद्दाम अंसारी, अमीनुद्दीन, ताराचंद्र, लक्ष्मी शंकर, मो. सकील, दानिश, आशीष पटेल, आबिद, अनिल पटेल, इरफान, अंकित यादव, राम किशोर आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं कराई गई तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि तुरंत नए ट्रांसफार्मर लगाकर सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए।
