मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा विधानसभा के मांडा ब्लॉक के ऊंटी गांव के प्रधान कैलाश सिंह यादव ने भोजपुरी फिल्म में लेखक तथा संगीतकार के रूप में एंट्री की है, इसके लिए उन्हें क्षेत्र के लोगों ने सोशल मीडिया व फोन के माध्यम से बधाई दी है।
बता दें कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता और मेजा विधानसभा के ग्राम पंचायत ऊंटी के प्रधान कैलाश नाथ सिंह यादव ने भोजपुरी फिल्म में लेखक और संगीतकार के रूप में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। निर्माता-निर्देशक धीरू यादव की नई भोजपुरी फिल्म में यादव के योगदान को सराहा जा रहा है। यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में एक नई दिशा की ओर कदम है। पिछले कुछ समय से भोजपुरी सिनेमा की गुणवत्ता में गिरावट आई थी। फिल्में अश्लीलता और फूहड़ता से भरी होती थीं। धीरू यादव ने इस स्थिति को बदलने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने एक नई सोच के साथ फिल्म का निर्माण किया है। दक्षिण भारत की फिल्में जैसे बाहुबली और पुष्पा की तरह भोजपुरी सिनेमा को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म की टीम से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीशियनों ने इस प्रोजेक्ट पर कड़ी मेहनत की है। दर्शकों से अपेक्षा है कि वे इस नए प्रयास को सराहेंगे और अपना प्यार देंगे। यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा के लिए एक नई शुरुआत साबित हो सकती है। रविवार को क्षेत्र के गुनई गहरपुर गांव निवासी शिक्षक समाजसेवी वीरेन्द्र सिंह यादव सहित मेजा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने सोशल मीडिया व फोन के माध्यम से बधाई दी है।