प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनापार इलाके के मेजा में दर्दनाक हादसा हुआ। बरात से लौट रहे कार सवार हादसे का शिकार हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद असंतुलित होकर कार सड़क किनारे मकान से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार रात हुआ हादसा
करछना थाना क्षेत्र के बीरपुर छितिया निवासी 30 वर्षीय विजय यादव पुत्र राजधर यादव अपने साथ कृष्ण कुमार यादव के साथ मीरजापुर जनपद के जिगना में बरात में गए थे। रविवार रात करीब 11.30 बजे घर लौटते समय मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव के पास अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दिया। वाहन की टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान से टकरा गई। इसमें कार सवार विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। कृष्ण कुमार भी जख्मी हुए। कृष्ण कुमार ने फोन कर परिवार के लोगों बुलाया। इसके बाद करछना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान विजय यादव की मौत
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान विजय यादव की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक मेजारोड सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि विजय की मौत के बाद स्वजन ने चौकी में आकर जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
तीन मासूम बच्चे हुए अनाथ
बताया जाता है कि विजय यादव निजी बैकहो लोडर यानी जेसीबी चलाते थ्थे। राजधर के दो बेटे व एक बेटी में वह दूसरे नंबर के थे। विजय के दो बेटे नौ वर्षीय प्रशांत और चार वर्षीय आशू तथा सात वर्ष की बेटी आशी है। घटना के बाद से पत्नी राधा यादव सहित स्वजन की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं।