प्रयागराज (राजेश सिंह)। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रयागराज नगर निगम ने शहर के कई इलाकों में अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था कर जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत दी है। सड़कों पर रहने वाले गरीब मजदूरों, बेसहारा लोगों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा यह कदम उठाया गया है।
नगर निगम ने सिविल लाइंस बस स्टैंड, पीडी टंडन पार्क, रेलवे स्टेशन परिसर और माघ मेला क्षेत्र में कुल 35 अस्थायी रैन बसेरे स्थापित किए हैं। इन रैन बसेरों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग ठहराव की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी को सुरक्षित माहौल मिल सके। प्रत्येक रैन बसेरे में 20-20 बेड की क्षमता वाले कॉटेज बनाए गए हैं, जहां लोग ठंड की रातें सुरक्षित और अपेक्षाकृत गर्म वातावरण में बिता सकें।
पीडी टंडन पार्क के निकट बनाए गए अस्थायी रैन बसेरे में बीती रात कई पुरुषों और महिलाओं ने शरण ली। यहां ठहरे लोगों का कहना है कि खुले में ठंड में सोने की तुलना में रैन बसेरे में उन्हें काफी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की इस व्यवस्था की सराहना की है और इसे मानवीय पहल बताया है।
इस संबंध में नगर आयुक्त सीलम साई तेजा ने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता है कि ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि सभी अस्थायी रैन बसेरों में बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। समय-समय पर इन रैन बसेरों की निगरानी की जा रही है, ताकि साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की उचित व्यवस्था बनी रहे।
नगर आयुक्त ने यह भी जानकारी दी कि पीडी टंडन पार्क क्षेत्र में दो और अस्थायी रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। इसके लिए कॉटेज का ढांचा तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इन्हें भी आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यदि ठंड और अधिक बढ़ती है, तो आवश्यकता के अनुसार रैन बसेरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
