बंदियों को मीनू चार्ट के अनुसार मिले गुणवत्तापूर्ण भोजन के निर्देश
प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद न्यायाधीश सत्य प्रकाश त्रिपाठी और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को नैनी स्थित केंद्रीय कारागार और जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को मीनू चार्ट के अनुसार गुणवत्तायुक्त भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने सहित कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी यमुनानगर विवेक कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दिनेश कुमार गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृषा मिश्रा, केंद्रीय कारागार के जेलर प्रवेश कश्यप, जिला कारागार के जेलर डॉ. आलोक, वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह और वरिष्ठ जेल अधीक्षक (जिला कारागार) श्रीमती अमिता दूबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश और जिलाधिकारी ने केंद्रीय कारागार में स्थित अस्पताल और रसोई घर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
रसोई घर में, अधिकारियों ने बंदियों को दिए जाने वाले दैनिक भोजन और नाश्ते के मीनू चार्ट की जानकारी ली। उन्होंने भोजन बनाने की प्रक्रिया और उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि बंदियों को निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता का भोजन मिले।
जनपद न्यायाधीश ने विचाराधीन कैदियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने उनसे प्राप्त हो रही कानूनी सेवाओं, उनके आपराधिक मामलों और हिस्ट्री टिकट के बारे में जानकारी ली। इसके अतिरिक्त, बंदियों से उनकी बीमारी, खान-पान और साफ-सफाई की व्यवस्था के संबंध में भी पूछताछ की गई।
अंत में, जनपद न्यायाधीश ने कारागार परिसर में पेड़-पौधे लगाने, बागवानी, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, ध्यान (मेडिटेशन) और योग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए।
