प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के झूंसी में रविवार रात 35 वर्षीय कुलदीप कुमार बिंद की हत्या कर दी गई। कुलदीप दौलतपुर बाजार गांव का निवासी था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव के लोगों ने उसे घर से कुछ दूरी पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच के बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद झूंसी थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
आसपास मिले खून के धब्बे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद उसे कुछ दूरी तक घसीटा भी गया। आसपास खून के धब्बे और घिसटने के निशान मिलने की भी चर्चा मौके पर होती रही।
गांव के ही कुछ लोग बुलाकर ले गए थे
परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ कुलदीप का उठना-बैठना था। परिजनों का कहना है कि रविवार रात वही लोग उसे बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस अफसर बोले
मौके पर पहुंचे एसीपी विमल किशोर मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और देर रात कुलदीप के साथ देखे गए व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
