प्रयागराज (राजेश सिंह)। आधी रात ड्यूटी पर जा रहे उत्तर मध्य रेलवे के स्टेशन मास्टर पर बदमाशों ने ईंट पत्थर से हमला किया। इससे वे घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने धूमनगंज थाने पर तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल और बदमाशों की तलाश कर रही है।
बताया गया है कि बबलू कुमार उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मुख्यालय में आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह माल गोदाम रेलवे कॉलोनी के निवासी है। शुक्रवार को उनकी ड्यूटी रात 12 से प्रातः आठ बजे तक की थी। ड्यूटी पर जाने का लिए वह अपने निवास से बाइक पर सवार होकर निकले।
बबलू कुमार चौफटका से कालिंदीपुरम जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे, इसी दौरान करीब चार-पांच की संख्या में अज्ञात युवकों ने उनको रोकने का प्रयास किया। जब वे नहीं रुके तो बदमाशों ने उन पर ईंट-पत्थर फेंककर जानलेवा हमला किया, जिससे बबलू घायल हो गए।
पीड़ित ने बताया कि घटनास्थल से कुछ आगे बढ़ने पर एक बाइक सवार एवं एक ऑटो चालक भी मिले, जिन्होंने बताया कि उनके साथ भी मारपीट की गई तथा उनके पैसे एवं मोबाइल छीन लिए गए। वे भी घायल अवस्था में थे।
इसके बाद स्टेशन मास्टर बबलू कुमार ने डॉयल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। इंस्पेक्टर धूमनगंज धनंजय पांडेय का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।
