Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: पत्थर से सिर कूंचकर बालू कारोबारी की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र के भीटा-कंजासा मोड़ पर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में मंगलवार देर रात पत्थर से सिर कूंचकर बालू कारोबारी राजेश कुमार प्रजापति (32) की हत्या कर दी गई। बुधवार भोर में लोग टहलने निकले तो कारोबारी का शव खून से लथपथ देखा। सिर पर चोट के निशान देख परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक शव को घटनास्थल से उठने नहीं दिया।
अफसरों के आश्वासन पर सुबह करीब साढ़े 10 बजे शव के पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। शाम करीब साढ़े चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन घूरपुर चौराहा पहुंचे और रीवा-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। राजेश कुमार प्रजापति पुत्र अगम लाल प्रजापति जेसीबी और ट्रक चलवाने के साथ ही बालू और गिट्टी का कारोबार करते थे।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात राजेश पड़ोसी गांव मोहनी का पूरा में चल रही अपनी जेसीबी मशीन को देखने गए थे। राजेश वहां से लौटकर रात में घूरपुर-प्रतापपुर मार्ग पर भीटा-कंजासा मोड़ पर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में पत्थर के ऊपर सो गए। परिजनों के अनुसार, कुछ लोगों ने देर रात करीब दो बजे के आसपास उन्हें पत्थर पर सोते देखा था। वहीं, भोर में टहलने निकले लोग झोपड़ी के पास से गुजरे तो राजेश अचेत पड़े थे। उनके सिर को बुरी तरह से कूंचा गया था। पास में ही बड़ा पत्थर खून से सना पड़ा था।
घटना की जानकारी होने पर परिजनों और आसपास के लोग जुट गए। घूरपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने भीटा के चंदन भारतीया पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी और घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। तनाव को देखते हुए कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने परिजनों को आश्वासन दिया कि उनकी हर मांगें पूरी होंगी। इसके बाद भी परिजन नहीं माने। सहायक पुलिस आयुक्त विजय आनंद और नायब तहसीलदार बारा विजय कुमार के लिखित आश्वासन के बाद परिजनों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 
राजेश बालू-गिट्टी का कारोबार करते थे। काम अच्छा चलने लगा तो दो वर्ष पहले ट्रक और जेसीबी खरीदी। लोगों का कहना है कि राजेश बहुत मिलनसार थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है। राजेश की हत्या से पत्नी पार्वती समेत परिवार के सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता अगमलाल ने गांव के ही चंदन भारतीय पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनके के अनुसार, आरोपी लंबे समय से बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। उसके परिवार के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। फोटो

24 घंटे के भीतर बालू कारोबारी की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad