बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए वर्ल्ड बैंक ने भी किया मदद का एलान
काठमांडू। बाढ़ से प्रभावित नेपाल के लिए वर्ल्ड बैंक ने बचाव, राहत और पुनर्निमाण के लिए 25 अरब नेपाली रुपए की आपालकालीन वित्तीय सहायता देने की पेशकश की है।
नेपाल के वित्त मंत्रालय के मुताबिक, बाढ़ की जानकारी सामने आते ही, नेपाल के लिए वर्ल्ड बैंक के कंट्री डायरेक्टर डेविड सिस्लेन ने वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले को बताया कि आपातकालीन सहायता के तौर पर अलग-अलग स्रोतों से 25 अरब नेपाली रुपये तक जुटाए जा सकते हैं। भारत और चीन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेपाल की मदद के लिए राहत सामग्री देने की पेशकश की है। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि भारत ने नेपाल सरकार को तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत उपलब्ध कराई है। इसी तरह, चीन ने भी नेपाल को तत्काल वित्तीय सहायता देने का वादा किया है।
भारत की मदद के लिए नेपाल भेजी राहत सामग्री की पहली खेप
नेपाल में भारी तबाही के बाद सबसे पहले भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। हमेशा की तरह पड़ोसी होने का फर्ज निभाते हुए भारत ने सेना के विमान से राहत सामग्री की पहली खेप बुधवार रात नेपाल भेजी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह से वार्ता के कुछ घंटे बाद भारत ने राहत सामग्री भेजी। इस बीच भारत सरकार अपने नागरिकों की मदद के लिए चीन के भी संपर्क में है। नेपाली समकक्ष से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा, भारत के लोग इस मुश्किल समय में नेपाल में अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को सभी संभव मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत प्रयासों में निकटता से समन्वय कर रही हैं।
नेपाल को 10 टन सामग्री और आवश्यक दवाएं भेजी- जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत ने मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) पहल के तहत नेपाल को 10 टन सामग्री और आवश्यक दवाएं भेजी है। भारत इस मुश्किल समय में नेपाल और उसके लोगों के साथ खड़ा है।
गुरुवार को भी भेजा जाएगा एक सैन्य विमान
वायुसेना के परिवहन विमान सी-130जे राहत सामाग्री लेकर रात करीब 8:35 बजे दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस से काठमांडू रवाना हुआ। सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली अगले कुछ दिनों में और राहत सामग्री भेजेगा। एक और सैन्य परिवहन विमान गुरुवार सुबह काठमांडू भेजा जाएगा। (समाचार एजेंसी पीटीआई और काठमांडू पोस्ट के इनपुट के साथ)

