कोरांव, प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिला पंचायत के राजस्व निरीक्षक विपिन बिहारी गुप्ता पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सामने आया है।
वार्ड नंबर 81 से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अनुराग शुक्ल शास्त्री ने आरोप लगाया है कि राजस्व निरीक्षक छोटे व्यापारियों को परेशान कर घूम-घूम कर रिश्वत वसूलते हैं। चार दिन पहले भी उन्होंने इस संबंध में पोस्ट की थी। अब पौशला खीरी, कोरांव निवासी फुल्लन सिंह मिस्त्री से 5 हजार रुपये घूस लेते हुए का कथित वीडियो सामने आने का दावा किया है।
अनुराग शुक्ल शास्त्री ने कहा कि वर्तमान जिला पंचायत सदस्य इस मामले पर मौन हैं, जबकि वे व्यापारियों के नेता भी हैं। जनता और व्यापारी उनसे जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विभाग का अधिकारी या कर्मचारी व्यापारियों से घूस लेकर शोषण करे, तो उन्हें सूचित करें।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी प्रयागराज से मांग की है कि उक्त अधिकारी के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए बर्खास्त कर जेल भेजा जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सभी का काला चिट्ठा खोलेंगे।
सूरज वार्ता द्वारा यह खबर प्राप्त शिकायत और वायरल कथित वीडियो के आधार पर है, जिसकी पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही होगी।
