मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा, प्रयागराज में कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा हुई। कुल 6603 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 4307 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2296 ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा में 3493 बालक और 3110 बालिकाएं पंजीकृत थीं। इनमें से 2395 बालक और 1912 बालिकाओं ने परीक्षा दी। कुल उपस्थिति 65.23% रही। बालकों की उपस्थिति 68.57% और बालिकाओं की 61.48% दर्ज की गई। परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हुई।
इसी कड़ी में शनिवार को मेजा के लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2027 हुई। परीक्षा देने के लिए सुबह से ही पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी और उनके अभिभावक केंद्र पहुंचे।
केंद्र पर्यवेक्षक विमल कुमार द्विवेदी ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए 15 कमरों में बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा में 15 कक्ष निरीक्षक और 2 रनिंग बैच तैनात रहे। परीक्षा तय समय पर शुरू हुई और नियमों के अनुसार कराई गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विमल श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र पर कुल 358 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 230 ने परीक्षा दी और 128 अनुपस्थित रहे। पंजीकृत विद्यार्थियों में 208 बालक और 150 बालिकाएं थीं। परीक्षा देने वालों में 146 बालक और 84 बालिकाएं शामिल थीं।
परीक्षा में क्षेत्र के सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। नवोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य और जिला पर्यवेक्षक पीके मिश्र ने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश के लिए हर साल यह परीक्षा होती है। परीक्षा के अंकों और तय चयन प्रक्रिया के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी। चयनित विद्यार्थियों को मेजा खास पहाड़ी पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश मिलेगा।
