Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

sv news


प्रयागराज (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह एवं सदस्यों -बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा एवं एस.पी. सिंह ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति, भागीदारी तथा आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान प्रशासक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रतिभाग किया। आयोग के द्वारा सभी प्रतिनिधियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया तथा उनकी बातों, अनुभवों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।

बैठक में जनपद की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विकास खंडों की संरचना, ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय विविधता तथा पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से विमर्श हुआ। आरक्षण की प्रक्रिया, उसके संवैधानिक प्रावधानों एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उसके विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उनके विभिन्न दृष्टिकोणों, स्थानीय समस्याओं एवं सुझावों को सुना। प्रतिनिधियों द्वारा आरक्षण से संबंधित अपने पक्ष एवं विचार मौखिक रूप से प्रस्तुत करने के साथ-साथ लिखित सुझाव एवं अभिमत भी उपलब्ध कराए गए। आयोग ने इन सभी पक्षों एवं प्राप्त अभिलेखों को अपने अध्ययन एवं आगे की प्रक्रिया के लिए संकलित किया।

आयोग के भ्रमण का उद्देश्य जनपद की वास्तविक जमीनी परिस्थितियों को समझना, पिछड़े वर्ग का स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व से जुड़े तथ्यों एवं अनुभवों के बारे में जनप्रतिनिधियों के विविध विचारों एवं लिखित सुझावों के साथ-साथ आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था के संदर्भ में स्थानीय स्तर पर जानकारी एवं सुझावों को प्राप्त करना रहा है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह एवं जिला पंचायत राज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी, जनपद के पंचायत प्रतिनिधि की उपस्थिति रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad