हंडिया में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत; एक गंभीर
नैनी, प्रयागराज (राजेश सिंह)। लेप्रोसी चौराहे पर शनिवार सुबह स्कॉर्पियो और इनोवा वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान इनोवा सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। इनोवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल नैनी के रहने वाले हैं
झूंसी निवासी अनुज दुबे पुत्र ओम नारायण और दारागंज निवासी अक्षत शुक्ला पुत्र बालकृष्ण शुक्ला स्कार्पियो से नए पुल होते हुए नैनी की ओर जा रहे थे। लेप्रोसी चौराहे पर सामने से आ रही इनोवा कार से भिड़ंत हो गई। इनोवा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इनोवा में संजीव अग्रवाल पुत्र देवेंद्र अग्रवाल निवासी पीडीए कॉलोनी नैनी और चालक नरेंद्र बहादुर पुत्र लाल चंद निवासी नैनी उत्तरी लोकपुर नैनी बैठे थे, जो घायल हो गए। कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शहर के निजी अस्पताल भेजा और जाम हटवाया।
आर्टिगा-बाइक में टक्कर, एक की मौत, एक गंभीर
हंडिया कोतवाली क्षेत्र के गनेशीपुर गांव के सामने सैदाबाद-सिरसा मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार आर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सरायममरेज थाना क्षेत्र के जगुआ सरायपीथा गांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य (55) पुत्र जटाशंकर मौर्य अपने साथी अजय कुमार पांडेय के साथ विवाह समारोह में भोजन बनाने का काम करते थे। शनिवार सुबह दोनों बाइक से क्षेत्र के बीरपुर गांव जा रहे थे।
एक अन्य बाइक सवार भी घायल
हंडिया कोतवाली क्षेत्र के गनेशीपुर गांव स्थित कल्लहवा के समीप पहुंचे, सैदाबाद की ओर जा रही तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दिनेश कुमार मौर्य को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अजय कुमार पांडेय की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक अन्य बाइक सवार भी घायल हुआ है।
