Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

'स्टूल वाले मंत्री' ने सिराथू की जनता के साथ धोखा किया : अखिलेश यादव

SV News

कौशांबी (राजेश सिंह)। कौशांबी के सिराथू की जनसभा में मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार को ठीक से निशाने पर लिया। उन्होंने भाजपा के बड़े नेताओं के वार पर जमकर पलटवार किया। परिवारवादी वाले बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह परिवार वाले हैं, उन्हें पता है परिवार का दुख-दर्द। इस सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ा दी और रोजगार छीन लिया कि परिवार का कष्ट बढ़ गया। परिवार में एक बेटा घर में बैठा हो तो उस घर के दुख को हम और आप समझ सकते हैं। अखिलेश यादव ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सबसे ज्यादा घेरा। बिना नाम लिए उन्हें स्टूल मंत्री कहा। सबसे पहले यही बोले कि स्टूल वाली बात सिराथू की जनता को भी पता चल गया है। बोले कि सिराथू में आजकल एक गाना चल रहा है 'तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना, ये याद रखेगा सिराथू स्टूल पर बैठाना।' अखिलेश यादव ने कहा कि स्टूल मंत्री और मुख्यमंत्री में नहीं बनती है।
डिप्टी सीएम का बिना नाम लिए ही अखिलेश यादव ने कहा कि स्टूल वाले मंत्री ने सिराथू की जनता के साथ धोखा किया। वह खुद को सिराथू का बेटा कहते हैैं और यहां के युवाओं को ही धोखा दे दिया। सिराथू की जनता के साथ अन्याय हुआ, शोषण हुआ। वसूली तक की गई। अखिलेश यादव भीड़ की ओर इशारा करते हुए बोले, यहां सड़कें तो बनाईं मगर वे उखडऩे लगीं। चौड़ीं सड़कें नहीं बनवाईं, जो बनवाई वो गड्ढे में बनवाई। यहां पर गोशाला में गाय माता भूखे मर रही हैैं, खेतों में बेसहारा मवेशी फसल चट कर रहे हैैं, सड़कों पर बैल टक्कर मार रहे हैैं। इस सरकार ने कुछ नहीं किया। पांच साल आपको धोखा मिला। इसीलिए यहां पर कौशांबी की बहू पल्लवी पटेल को प्रत्याशी बनाया, जो इस क्षेत्र को आगे बढ़ाएंगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए गृह मंत्री के बयान पर भी व्यंग्य कसा। बोले, ये तो अच्छा रहा कि वह यह नहीं बोले कि इंटर पास करने के बाद दसवीं उत्तीर्ण करोगे तो लैपटाप मिलेगा। बोले, प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है। पहले और दूसरे चरण में सपा गठबंधन ने शतक लगा लिया तथा तीसरे और चौथे में दोहरा शतक। बोले, बाबा मुख्यमंत्री गर्मी निकालने की बात कहते हैैं, जब पहले चरण का चुनाव हुआ, भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए। दूसरे और तीसरे चरण में भाजपा के लोग सुन्न पड़ गए। अब बुंदेलखंड और कौशांबी का मत पड़ेगा तो वे शून्य हो जाएंगे। आने वाले चरणों में भाजपा के बूथ पर भूत नजर आएंगे। बाबा मुख्यमंत्री को पता चल गया है कि वे जाने वाले हैैं। इसीलिए वह अपने आवास की दीवारों पर धुएं के काले धब्बे की पुताई करा रहे हैैं। अखिलेश बोले, जब से बाबा मुख्यमंत्री ने उनके बारे में कहा है कि वह 12 बजे उठते हैैं तब से वह भी बाबा मुख्यमंत्री पर नजर रखने लगे हैैं। शाम को कई बार धुआं उठता नजर आता है। एक दिन पोताई करने वाले जा रहे थे तो उन्होंने रोका और पूछा कि कहां जा रहे हो तो वे बोले, मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैैं, जहां काले धुएं के धब्बे को साफ कर पेंटिंग करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad