लखनऊ (राजेश सिंह)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ताबड़तोड़ ट्वीट के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार कर कहा कि आपको दृष्टि दोष हो गया है। बता दें कि बीते कुछ दिनों से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तिंरगा की खबरों और वीडियो को शेयर कर लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। अब उनके लगातार ट्वीटों पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। बीते दो दिनों में सपा प्रमुख ने ट्वीट के जरिए छह बार भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा, जिसके बाद डिप्टी सीएम ने ये पलटवार किया। अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा, "अखिलेश यादव आपको दृष्टि दोष हो गया है। जब यूपी ही नहीं सारा देश भारत माता की जय जय कार करते हुए अमृत महोत्सव वर्ष मना रहा है। आपके बेतुके सुर देश भक्तों की पीड़ा और आजादी के लिए शहीदों का अपमान है। आपके सलाहकार सच्चाई से बहुत दूर ले जा चुके हैं! भगवान आपको सद्बुद्धि दें! "इससे पहले सपा प्रमुख ने बीते दो दिनों में कई ट्वीट कर बीजेपी पर निशाना साधा है। 12 अगस्त को उन्होंने उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के तिरंगा वाले बयान पर ट्वीट के जरिए भाजपा को निशाने पर लिया। इसके बाद मनीष जगन अग्रवाल के ट्वीट को री-ट्वीट कर उन्होंने भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लिया। 13 अगस्त को ही बुलंदशहर का एक वीडियो शेयर कर हमला बोला था। इसके बाद सपा प्रमुख ने कुलदीप बिश्नोई के बहाने पर भाजपा को निशाने पर लिया। इसके अलावा प्रयागराज की एक खबर की फोटो शेयर कर भाजपा पर राष्ट्रीय ध्वज बेचने का आरोप लगाया, फिर अयोध्या नगर निगम का एक वीडियो शेयर किया और भाजपा के पूर्व सांसद की एक फोटो शेयर कर उन्होंने भाजपा को टारगेट किया था। बता दें कि दोनों अक्सर एक-दूसरे पर जुबानी हमलों को लेकर चर्चा में रहते हैं।