प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रेमिका के साथ गोरखपुर से भागकर आए 22 वर्षीय आरिफ अंसारी ने ऐसा कदम उठाया कि सभी सन्न रह गए। आरिफ ने यहां बुधवार रात प्रेमिका के सामने जहरीला इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दे दी। हाई कोर्ट के सामने स्थित गुरु कृपा लाज में इस घटना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू की। लड़के के घरवाले गोरखपुर से यहां आ रहे हैं। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया गया है कि आरिफ अंसारी देवरिया का रहने वाला था। वह गोरखपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। इसी दौरान गोरखपुर के बांसगांव इलाके की रहने वाली हिंदू युवती से उसका प्रेम संबंध हो गया। बीते माह दोनों शादी करने के इरादे से भाग निकले, लड़की के घरवालों ने गोरखपुर के बांस गांव थाने में आरिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस के साथ ही लड़की के परिवार वालों ने भी तलाश शुरू कर दी। उधर, आरिफ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता से संपर्क किया और फिर प्रेमिका के साथ वह शादी करने के उद्देश्य से प्रयागराज आ गया। आरिफ प्रेमिका के साथ हाई कोर्ट के सामने स्थित गुरु कृपा लाज में ठहरा। उन्हें कमरा नंबर 111 दिया गया। पुलिस का कहना है कि वे दोनों काफी परेशान थे। शायद इसीलिए जान देने का फैसला कर लिया। आरिफ ने जहर के इंजेक्शन का इंतजाम किया। बुधवार की रात अपने हाथ में इंजेक्शन लगा लिया। उस वक्त प्रेमिका सो रही थी, उसे इंजेक्शन लगाने से पहले ही आरिफ की सांस थम गई। गुरुवार सुबह वह जगी तो आरिफ मृत पड़ा था। उसने होटल कर्मियों को बताया तो पुलिस को खबर दी गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं। घरवालों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।