प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में जनराज्य पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रवि सिंह यादव के ठिकानों पर छापेमारी के लिए आयकर विभाग की टीम मंगलवार की रात ही आ गई थी। बुधवार भोर में पांच बजे आयकर टीम धूमनगंज के न्याय नगर में रवि सिंह यादव के घर पहुंच गई थी। पता चला है कि बुधवार सुबह छापेमारी और तलाशी के दौरान करीब सात बजे नौकरानी पहुंची तो टीम ने उसे बाथरूम में बंद कर दिया। वह करीब चार घंटे तक बाथरूम में बंद रही। फिर उसे उसे जाने दिया गया। बाहर आकर नौकरानी ने आसपास के लोगों को इस बारे में जानकारी दी। आयकर टीम गुरुवार दोपहर तक रवि सिंह यादव के निवास में मौजूद रही। टीम ने रवि के सिविल लाइंस स्थित फ्लैट की भी जांच की। इसके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक लाकर भी चेक किए गए। टीम ने वाराणसी और मऊ में भी रवि सिंह यादव के ठिकानों पर भी छापा मारा है। कहा जा रहा है कि टीम को इन स्थानों पर चंदे के तौर पर मोटी रकम के लेनदेन का पता चला है। आयकर विभाग के एक अधिकारी के अनुसार टीम तो जनराज्य पार्टी को चंदे में मोटी रकम मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से ही आईटी टीम ने इनकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरु कर दिया था। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे है। इसके साथ टीम को कुछ अवैध लेनदेन के बारे में भी जानकारी मिली है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। जांच के दौरान और भी चीजें मिलने की संभावना है। जांच की कार्रवाई अभी जारी है। चुनाव आयोग ने आयकर विभाग को ऐसे राजनीतिक दलों की सूची सौंपी है, जिनकी राजनीतिक गतिविधि शून्य हैं, लेकिन उन्हें चंदे में मोटी रकम मिली है। इनमें से एक चुनावी दल जनराज्य पार्टी के वाराणसी, मऊ, आजमगढ़ और प्रयागराज में कार्यालय तथा पदाधिकारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार से छापेमारी शुरू की है। पार्टी के महासचिव रवि सिंह यादव के पिता हरिनाम सिंह यादव कल्याण एवं उपकर आयुक्त के पद से रिटायर हुए थे। उनका निधन हो चुका है।