Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज : पूर्व पीएम के गांव सहित पांच गांवों की बदलेगी तस्वीर, मिलेगी शहर जैसी सुविधाएं

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह का पैतृक गांव प्रयागराज में है। उनका गांव मांडा खास अब टाउन एरिया होगा। नगर पंचायत बनने के बाद प्रयागराज के पांच गांवों की तस्वीर बदल जाएगी। इन गांवों के लोगों को नगरीय सुविधाएं मिलेंगी, उनका जनजीवन नगरीय हो जाएगा। बिजली भी नगरीय रोस्टर के मुताबिक मिलेगी। इसी तरह नल से जल और इंटरलाकिंग व नाली आदि की सुविधाएं मिलेंगी। सड़कों और गलियों में स्ट्रीट लाइट लगेगी। चौराहों पर हाईमास्ट लगेंगे। सफाईकर्मी तैनात होंगे जो रोज गली-मोहल्लों में सफाई करेंगे। 

प्रयागराज में होंगी बारह नगर पंचायतें

मांडा खास, करछना, बड़ोखर, सोरांव व बरौत को नगर पंचायत बनाए जाने से जिले में अब 12 नगर पंचायतें हो जाएंगी। अभी तक फूलपुर, मऊआइमा, सिरसा, कोरांव, लालगोपालगंज, शंकरगढ़, हंडिया व भारतगंज ही नगर पंचायत थीं।

जिले की पहली नगर पालिका होगी फूलपुर

फूलपुर नगर पंचायत अब जिले की पहली नगर पालिका होगी। कोरांव क्षेत्र में स्थित बड़ोखर गांव की आबादी इस समय 20 हजार से ज्यादा है। मध्य प्रदेश की सीमा के पास स्थित इस गांव में 15 वार्ड हैैं। हंडिया में प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित बरौत ग्राम पंचायत की आबादी लगभग 21 हजार है। यहां भी 15 वार्ड है। लगभग पांच किमी इसका भौगोलिक क्षेत्रफल है।

पूर्व प्रधानमंत्री के गांव की 17 हजार आबादी

मांडा खास गांव में 17 हजार से ज्यादा की आबादी निवास करती है। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह का यह गांव है। इस गांव में भी 15 वार्ड हैैं। करछना ग्राम सभा की आबादी 12 हजार से ज्यादा है। फूलपुर नगर पंचायत की आबादी 27 हजार के करीब है। इसमें 15 नगरीय वार्ड हैैं। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से पांचों गांव के लोगों का जनजीवन नगरीय हो जाएगा। उन्हें नगरीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसी तरह नगर पालिका का दर्जा मिलने से फूलपुर नगर पंचायत का विस्तार होगा। इसमें कई और गांव शामिल किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad