प्रयागराज (राजेश सिंह)। मुट्ठीगंज के शंकरगढ़ कोठी में बृहस्पतिवार की सुबह पूर्व प्रधान ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। दूसरे कमरों में मौजूद घर वालों ने गोली की आवाज सुनी तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। रिवॉल्वर को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। मूल रूप से औद्योगिक थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके के रहने वाले संतोष कुमार सिंह (71) ने मुट्ठीगंज कटघर स्थित शंकरगढ़ कोठी में भी मकान बनाया था। वह पिछले कई सालों से मुट्ठीगंज में ही बेटे शरद और परिवार वालों के साथ रह रहे थे। संतोष रामपुर गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे।
परिवार वालों के मुताबिक संतोष पिछले कई सालों से बीमार चल रहे थे। उनका ऑपरेशन भी हो चुका था। वह अक्सर दर्द से बेहाल रहते थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह अन्य दिनों की तरह उठे। उन्होंने किसी से कुछ कहा नहीं। सुबह करीब साढ़े सात बजे उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर शरद तथा उसकी पत्नी कमरे में आए तो संतोष कुमार लहूलुहान पड़े थे। बगल में ही उनकी रिवॉल्वर थी। गोली पेट में लगी थी।
सूचना पर मुट्ठीगंज थानाध्यक्ष आशीष चौबे फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने रिवाल्वर कब्जे में ले लिया है। लैब में जांच कराई जाएगी। शरद ने पुलिस को बताया कि बीमारी के कारण वे बहुत परेशान रहा करते थे। आपरेशन के बावजूद पेट में असहनीय दर्द होता था। पुलिस में कमरे में तलाश किया लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।