Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: 17-19 मार्च को हुई थी हड़ताल, बिजली कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, होंगे बर्खास्त

हड़ताल की सांकेतिक फोटो 

प्रयागराज (राजेश सिंह)। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर पिछले 17-19 मार्च को हुई हड़ताल में शामिल संविदा कर्मचारियों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है। संविदा कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली कंपनियों ने इनकी सूची बनानी शुरू कर दी है। डिस्कॉम प्रबंधन के आदेश पर इन कर्मचारियों को बर्खास्त करने की तैयारी है। कंपनियों की ओर से अबतक लगभग 120 संविदाकर्मियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है।
कंपनियों ने हड़ताल में शामिल रहने वाले संविदाकर्मी व एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) की लिस्ट भी तैयार कर ली है। हड़ताली संविदाकर्मियों की सेवा समाप्त किए जाने की सूचना पर कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कई कर्मचारियों ने लिस्ट से अपना नाम कटवाने के लिए पैरवी करना भी शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक विभाग में संविदाकर्मियों की नई भर्ती की तैयारी भी शुरू है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 17 मार्च से 72 घंटे की हड़ताल हुई थी। इसमें संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी, बिजली कर्मचारी व संविदाकर्मी भी शामिल हुए थे। हड़ताल से पूरे शहर में बिजली-पानी को लेकर हाहाकार मच गया था। इस दौरान ही बिजली विभाग के शीर्ष प्रबंधन के अधिकारियों ने संविदाकर्मियों से काम पर वापस लौटने की अपील और न आने की स्थिति में कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी।
हड़ताल आठ घंटे पहले ही खत्म हो गई थी और सभी कर्मचारी काम पर लौट गए थे लेकिन इन संविदाकर्मियों पर बर्खास्तगी की तलवार अब भी लटकी हुई है। बिजली विभाग में हड़ताली सभी संविदाकर्मियों को हटाकर नए लोगों को रखने की तैयारी शुरू हो गई है। नई भर्ती के लिए क्या मानक होंगे इसपर विचार किया जा रहा है। इस पूरे मामले पर विभाग के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि संविदाकर्मियों की भर्ती व बर्खास्तगी एंजेसी व शीर्ष प्रबंधन के बीच का मसला है, विभाग का इससे कोई लेना देना नही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad