अखिलेश यादव संवेदनशील राजनेता हैं: नरेन्द्र सिंह
मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 50 वें जन्मदिन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता निवर्तमान प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने शनिवार को मेजा के भड़ेवरा गांव मे 'लोक कल्याण दिवस'' के रूप मे समारोह करके वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगों व जरुरतमंदों को वस्त्र वितरण कर अपने नेता का जन्मदिन मनाया, उनके स्वस्थ दीर्घायु तथा फिर से उत्तम और उन्नत राज्य की पुनर्स्थापना करने के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा।
सपा नेता नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि अखिलेश यादव ने नयी पीढ़ी को समाजवाद के प्रति आकर्षित किया है। अखिलेश यादव वर्तमान समाजवादी आन्दोलन के महानायक एवं इस देश के भविष्य हैं तथा समाजवाद के प्रणेता डाक्टर लोहिया, मुलायम सिंह यादव, जनेश्वर मिश्र आदि नेताओं के आचरण को आत्मसात करते हुए समाजवादी आन्दोलन की परम्परा को आगे बढ़ाने मे सतत् प्रयत्नशील हैं।
नरेन्द्र सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जो ऐतिहासिक फैसले किए थे वो देश के लिए आज भी नज़ीर बने हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सत्ता भले किसी को मिल गयी हो, लेकिन जनता के दिल मे अभी भी नेता तो केवल अखिलेश यादव ही हैं, क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए समाज के हर वर्ग खासकर किसानों, महिलाओं, युवाओं, छात्रों, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों, दलितों तथा हर कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए बहुत सारी योजनाएं लागू कर उन्हें मुख्यधारा मे शामिल करने का भगीरथ प्रयास किया जिसकी चर्चा आज भी हो रही है और हम सब आज उनका जन्मदिन ' लोक कल्याण दिवस ' के रूप मे मना रहे हैं। नरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव संवेदनशील राजनेता हैं, जो हमेशा जनकल्याण और समाज उत्थान के लिए प्रयत्नशील रहते हैं।
कार्यक्रम के शुरूआत मे गांव की पूर्व प्रधान श्रीमती अनीता सिंह ने 11पाउंड का केक काटकर एक दूसरे को खिलाते हुए जन्मदिन मनाया, वहीं उपस्थित महिलाओं ने सोहर गीत गाकर अखिलेश यादव के स्वस्थ दीर्घायु की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के आयोजक सपा नेता निवर्तमान प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने क्षेत्र की लगभग 500 वृद्धजनों विधवाओं दिव्यांगों व जरुरतमंदों को वस्त्र देकर सम्मानित करते हुए अखिलेश यादव के स्वस्थ दीर्घायु तथा राजनैतिक ऊंचाइयों का आशीर्वाद मांगा।
इस मौके पर समाजसेवा के क्षेत्र मे निष्पक्ष तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट विभूतियों को सपा नेता नरेंद्र सिंह ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन हिमांशु कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से फिरोज खान, अरविन्द यादव,बाबू नंदन यादव, विशुन देव यादव, दिव्यांशु शुक्ला,लाल जी यादव, प्रमोद शर्मा, मोहित शर्मा, राधेश्याम भारतिया, छब्बू राम हरिजन, पन्ना लाल, बऊ मुसहर,ज्ञान चंद्र सोनकर,निशा देवी ,विमला देवी,सुशीला देवी, मुन्नी देवी,मिथिला देवी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।