कौशांबी (राजेश सिंह)। गैर बिरादरी के लड़के से रात में फोन पर बात करने से नाराज नाबालिग छोटे भाई ने बड़ी बहन को कुल्हाड़ी से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना कौशांबी के सरायअकिल इलाके में हुई। आश्चर्य की बात है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोर ने खुद थाने पहुंचकर इसकी थाने में दी तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक जांच टीम भी पहुंच गई है। यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
सराय अकिल थाने क्षेत्र के एक गांव में पटेल बिरादरी की 15 वर्षीय एक किशोरी का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक धोबी बिरादरी के लड़के से चल रहा था। दोनों छिप कर मिलते थे और फोन पर बातचीत करते थे। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो घर वालों ने किशोरी को दिल्ली में रहने वाले उसके चाचा के यहां भेज दिया था। किशोरी दो दिन पहले ही दिल्ली से घर आई थी।
शुक्रवार की रात एक से दो के बीच में वह फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। यह बात उसके 13 वर्षीय छोटे भाई को काफी नागवार गुजरी। मना करने पर भी जब वह नहीं मानी तो भाई ने बहन की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे लहू लुहान होकर वह जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भाई ने कई वार कर उसे मौके पर ही मौत की नींद सुला दी।
हैरत की बात यह रही कि इस घटना को परिवार के लोग छिपाने में लगे रहे और रात में ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन आरोपी किशोर ने खुद ही थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो पुलिसकर्मी सन्न रह गए। कनैली पुलिस चौकी से तत्काल पुलिसकर्मी रात में ही मौके पर पहुंच गए। जिस कमरे में शव को रखा गया था। उसमें काफी अंधेरा था। मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। फिलहाल आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
बताया जाता है कि दो भाइयों के बीच में किशोरी इकलौती बहन थी। सबसे बड़ा भाई प्रयागराज में रहकर इंटर की पढ़़ाई कर रहा है। दूसरे नंबर पर 15 वर्षीय किशोरी गांव में कक्षा आठ तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल नहीं जाती थी। आरोपी किशोर कभी स्कूल नहीं गया। पिता खेती बारी और पशु पालन का व्यवसाय करते हैं। इससे होने वाली आमदनी से वह परिवार का भरण पोषण करते हैं।