प्रयागराज (राजेश सिंह)। करेली थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की शाम दुकान पर टॉफी लेने गई चार साल की मासूम के साथ दुकानदार ने दुष्कर्म का प्रयास किया।
करेली थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की शाम दुकान पर टॉफी लेने गई चार साल की मासूम के साथ दुकानदार ने दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके चीखने पर इकट्ठा हुए लोगों को देखकर आरोपी भागने लगा तो ग्रामीणों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मासूम को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव का परिवार मजदूरी कर भरण पोषण करता है। रविवार शाम परिवार की एक चार साल की बच्ची टॉफी लेने पड़ोस में स्थित एक दुकान पर गई थी। इस दौरान दुकानदार ने मासूम को अपने कमरे में बुलाया और दुष्कर्म का प्रयास किया। मासूम की चीख सुनकर जब लोग उधर पहुंचे तो आरोपी भागने लगा। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पीटा और सूचना करेली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मासूम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दी है। एसीपी अतरसुइया राज कुमार मीणा ने बताया कि दुकान में टॉफी लेने गई मासूम से आरोपी ने छेड़खानी की है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
