प्रयागराज (राजेश सिंह)। कर्नलगंज न्यू कटरा मोहल्ले में लॉज मालिक की लाश उसके घर के सामने मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले है। मां का कहना है कि वह दारू पीकर घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था। इसलिए घर का दरवाजा नहीं खोला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के कर्नलगंज कोतवाली अन्तर्गत न्यू कटरा निवासी राम सिंह (48) पुत्र स्वर्गीय हरिपाल सिंह का घर के पास ही चंद्रा लॉज है। उनकी शादी नीतू सिंह के साथ हुई थी। राम सिंह नशे के लती थे। इसी वजह से उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर अपने मायके चली गई थी। वह अपनी मां लीला सिंह के साथ रहते थे। 2 दिन पहले राम सिंह ने अपनी मां लीला सिंह के साथ मारपीट की थी। लीला सिंह ने संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने राम सिंह का शांति भंग में चालान भी किया था।
मां लीला सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रात में करीब 11:00 से 11:30 बजे राम सिंह दारू पीकर आया दरवाजा पीट रहा था। उन्होंने दरवाजा नहीं खोला, तो वह गाली-गलौज करने लगा। फिर भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। सुबह जब उन्होंने दरवाजा खोला तो वह घर के बाहर मृत पड़ा था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची कर्नलगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लीला सिंह के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से किराएदारी को लेकर राम सिंह का विवाद भी चल रहा था। मां ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज बृजेश सिंह का कहना है कि पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।बाकी जांच के बाद तय होगा, कि मौत की वजह क्या है।