मिर्जापुर (राजेश सिंह)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि लोगों को यह समझना चाहिए कि भारत सबसे ज्यादा आतंकवाद का शिकार रहा है। जो भी लोग हमास का समर्थन कर रहे हैं उन्हें बस यही सोचना चाहिए कि वह आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं। सभी लोगों को आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। भारत में हमास के समर्थन में सड़क पर उतरे लोगों से संबंधित एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क पर उतरना उनका काम है और जेल भेजना हमारा काम है। जो लोग सड़क पर उतर रहे हैं, उन्हें जेल भेज देना चाहिए। हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को मां विंध्यवासनी का दर्शन-पूजन किया। मंदिर से बाहर निकलने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि बहुत दिन से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन का मन था। समय मिलने पर आज मां की सेवा का मौका मिला। उन्होंने कहा कि दर्शन-पूजन कर उन्होंने देश के मंगल कामना की प्रार्थना की।
पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि आज की जो स्थिति है, उस स्थिति में लोगों को भाजपा को वोट देकर जिताना चाहिए और भारत को शक्तिशाली बनाना चाहिए। इससे पहले अमावस्या तिथि पर शनिवार को दोपहर में करीब दो बजे असम के मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किया। दोपहर दो बजे पुरानी वीआईपी रोड से पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुष्प गुच्छ देकर किया। इसके बाद उन्होंने मां विंध्यवासिनी के गर्भ गृह में पूजन सामग्री के साथ पहुंचकर विधि विधान से मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया। पूजन के पश्चात मंदिर की परिक्रमा कर निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर का अवलोकन भी किया।