Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

मां विंध्यवासनी मंदिर परिसर में धरने पर बैठा पंडा समाज, मचा हड़कंप

SV News

सुरक्षा प्रभारी पर पंडा को थप्पड़ मारने का आरोप

मिर्जापुर (राजेश सिंह)। विंध्याचल मंदिर में शुक्रवार को झांकी के सामने मंदिर सुरक्षा प्रभारी द्वारा एक तीर्थ पुरोहित से बदसलूकी को लेकर बड़ी संख्या में पंडा धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। नगर विधायक सहित पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी बात नहीं बनी। देखते ही देखते प्रदर्शन और व्यापक हो गया और तीर्थ पुरोहितों का हुजूम विंध्याचल में घूम घूमकर होटल, रेस्टोरेंट इत्यादि बंद कराने लगा। फिर से मंदिर पहुंचे तीर्थ पुरोहितों से सीओ ने वार्ता की और 30 अक्तूबर तक का समय मांगा। तीर्थ पुरोहितों ने 30 तक कार्रवाई न होने पर 31 अक्तूबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी और प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान दर्शन पूजन चलता रहा।विंध्याचल मंदिर में अक्सर तीर्थ पुरोहित व पुलिस के टकराव की खबरें आती रहती हैं। कुछ ऐसा ही वाकया शुक्रवार की सुबह 11 बजे हुआ।
आरोप है कि झांकी के सामने रेलिंग पर बैठे एक पंडा को सादी वर्दी में वहां मौजूद मंदिर सुरक्षा प्रभारी चंद्र प्रकाश उर्फ सीपी पांडेय ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरती के लिए मंदिर बंद हो गया। जब मंदिर खुला तो दो बजे तीर्थ पुरोहित प्रथम निकास द्वार पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। विंध्याचल कोतवाल अरविंद मिश्रा और फिर धाम सुरक्षा प्रभारी दयाशंकर ओझा तीर्थ पुरोहितों को समझाने आए पर नाकाम रहे। जब यह बात नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा को पता चली तो वे भी तीर्थ पुरोहितों को समझाने पहुंचे पर उनकी बात भी तीर्थ पुरोहित नहीं माने और नारेबाजी किए। दोपहर बाद चार बजे पुरोहितों ने ऐलान किया कि सभी दुकान, होटल, गेस्ट हाउस रेस्टोरेंट बंद किए जाएं। तीर्थ पुरोहित घूम-घूमकर शटर गिरवाने लगे। फिर से तीर्थ पुरोहित मंदिर पर आए। सीओ मनोज कुमार गुप्ता से वार्ता हुई। उन्होंने पंडा लोगों को आश्वस्त किया कि पूर्णिमा है, 30 को मुख्यमंत्री का दौरा है। इसके बाद उनको हटा दिया जाएगा। पुरोहितों ने कहा कि अगर तब तक कार्रवाई नहीं हुई तो 31 अक्तूबर को बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। एक घंटे तक मार्केट भी बंद रहा।

तीर्थ पुरोहितों के साथ लगातार अत्याचार हो रहा है। आज इसी प्रकार की घटना हुई। 30 तारीख तक अगर मंदिर सुरक्षा प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो पंडा समाज कड़ा विरोध दर्ज कराएगा। सारे होटल, रेस्टोरेंट, दुकानें यहां तक कि पंडा लोग अपना दरवाजा तक बंद कर विरोध करेंगे। व्यापक आंदोलन होगा। - अवनीश मिश्रा, तीर्थ पुरोहित

पंडा रेलिंग पर बैठा था उसे केवल हटाया गया, मारपीट नहीं की गई है। तीर्थ पुरोहित मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। शिकायत के आधार पर जांच करने का आदेश दिया गया है। 30 अक्तूबर तक जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।- मनोज कुमार गुप्ता, सीओ सिटी

विंध्याचल में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरी है। कल पूर्णिमा है और हजारों भक्त दर्शन पूजन को आते हैं। उनको असुविधा न हो, इस बारे में पुरोहितों को समझाया गया। अगर किसी ने पंडा समाज के किसी सदस्य के साथ गलत किया है तो उस पर कार्रवाई होगी।- पं. रत्नाकर मिश्र, विधायक

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad