क्या आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह?
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के कैंट थाने में तैनात सिपाही कृपाल सिंह ने किराए के कमरे में फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। शुक्रवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। हालांकि कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला। जांच-पड़ताल की जा रही है।
बताया गया है कि फिरोजाबाद जनपद के खैरगढ़ का रहने वाला कृपाल सिंह वर्ष 2019 बैच का सिपाही था। इन दिनों कृपाल सिंह की तैनाती शहर के कैंट थाने में थी। वह राजापुर मुहल्ले में किराए पर कमरा लेकर अकेले रहता था। पत्नी और बच्चे गांव में रहते हैं।
इस संबंध में कैंट पुलिस का कहना है कि जांच-पड़ताल के बाद जिस कमरे में कृपाल सिंह का फंदे से लटकता शव मिला, उसमें कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह में आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल गहनता से तहकीकात की जा रही है।
