प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज पुलिस ने माफिया अतीक अहमद की एक और प्रॉपर्टी को कुर्क कर दिया है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट में की गई है। माफिया ने यह संपत्ति अपनी पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम से रजिस्ट्री कराई थी। बताया जाता है कि अपराध से अर्जित संपत्ति से यह प्रॉपर्टी बनाई गई थी।
जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने माफिया अतीक अहमद की पत्नी के नाम से दर्ज एक खंडहरनुमा मकान को कुर्क कर दिया है। यह संपत्ति शहर के शाहगंज थाना क्षेत्र में है। माफिया ने सरदार अब्दुल गफ्फार पुत्र मजीद अहमद निवासी मिन्हाजपुर थाना शाहगंज से 1998 में शाइस्ता परवीन के नाम से खरीदी थी। इसका रकबा 132.72 वर्ग मीटर है। वर्तमान में यह भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है। डीएम के आदेश पर इसे कुर्क कर दिया गया है। इस दौरान कुर्की का बोर्ड भी लगा कर मुनादी कराई गई।