लखनऊ (राजेश सिंह)। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम के बाद से उत्तर प्रदेश की सियासत चर्चा का विषय बन गई है। लगभग 10 साल तक बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद 2024 में भारतीय जनता पार्टी को यूपी में तगड़ा झटका लगा है।वहीं समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।अब सपा मुखिया अखिलेश यादव लगातार योगी सरकार पर हमले कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने एक ऐसा बयान दिया है,जिससे यूपी में नई सियासी अटकलें शुरू हो गई हैं।
अखिलेश का मानसून ऑफर
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर मानसून ऑफर के बारे में ऐलान किया है।अखिलेश यादव ने मानसून ऑफर का जिक्र करते हुए कहा कि मानसून ऑफ़र: सौ लाओ,सरकार बनाओ।अब अखिलेश के इस बयान के बारे में अलग-अलग अटकलें निकाली जा रही हैं।कई तो ये भी कह रहे हैं कि अखिलेश यादव सीएम योगी की सरकार गिराना चाहते हैं।
अखिलेश यादव योगी सरकार पर लगातार हमलावर
बीते कई दिनों से उत्तर प्रदेश में योगी सरकार को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं।इस पर अखिलेश यादव ने कहा था कि दिन-पर-दिन कमज़ोर होती भाजपा में टकराव और भटकाव का दौर शुरू हो गया है,भाजपा खेमों में बंट गयी है, भाजपा में एक-दूसरे को कमतर दिखाने के लिए कठपुतली का खेल खेला जा रहा है,सबकी डोरी अलग-अलग हाथों में है,भाजपा में पर्दे के पीछे की लड़ाई सरेआम हो गयी है।इंजन ही नहीं अब तो डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को दिया था जवाब
अखिलेश यादव के बयानों पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया था। मौर्य ने कहा था कि सपा बहादुर अखिलेश यादव जी,भाजपा की देश और प्रदेश दोनों जगह मजबूत संगठन और सरकार है,सपा का पीडीए धोखा है,यूपी में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है,भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 दोहरायेगी।