![]() |
पुलिस बाइक प्रतीकात्मक फोटो |
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के कर्नलगंज थाने में तैनात एक फॉलोवर करीब 18 घंटे तक यूपी 112 की बाइक लेकर गायब रहा। उसका फोन भी स्विच ऑफ रहा। इससे थाने में तैनात पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। उसके पिता को गंगापार के एक थाने में बैठा लिया गया। शाम को फॉलोवर कर्नलगंज थाने बाइक लेकर पहुंचा तो उसके पिता को छोड़ा गया।
कर्नलगंज थाने में गंगापार का रहने वाला एक युवक फॉलोवर है। गुरुवार रात करीब दस बजे वह थाने में खड़ी यूपी 112 की बाइक लेकर अपने घर निकल गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक वह नहीं लौटा तो पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। उसका पता लगाया जाने लगा। उसका मोबाइल बंद होने से मामला और बिगड़ गया।
दोपहर करीब एक बजे जिस थाना क्षेत्र में फॉलोवर रहता है, वहां के थाना प्रभारी को पूरी बात बताई गई। पुलिस ने फॉलोवर के पिता को थाने बुलाया। जिस पर बताया गया कि वह रात को घर आया था और सुबह करीब पांच बजे ही बाइक लेकर निकल गया था।
इसके अलावा और कोई जानकारी उसके पिता नहीं दे सके। शाम करीब चार बजे फॉलोवर बाइक लेकर कर्नलगंज थाने पहुंचा। इंस्पेक्टर कर्नलगंज प्रदीप कुमार का कहना है कि यूपी 112 की बाइक कबाड़ में रखी हुई है। फॉलोवर उससे सब्जी लाता है। गुरुवार रात को वह बाइक लेकर घर चला गया था। शुक्रवार शाम वह लौटा। कोई लिखापढ़ी नहीं की गई है।