एसओजी व पुलिस ने हासिल की बड़ी सफलता
प्रयागराज (राजेश सिंह)। थाना नैनी पुलिस टीम एवं एसओजी यमुनानगर जोन टीम की संयुक्त कार्यवाही में तीन अन्तर्जनपदीय असलहा तस्कर गिरफ्तार किए गए, कब्जे से 10 स्वचालित अवैध पिस्टल, चार अवैध तमंचा, आठ पिस्टल की खाली मैंगजीन व सात सौ रूपया बरामद किया गया।
रविवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविन्द कुशवाहा, दरोगा सुनील कुमार यादव, दरोगा धर्मेन्द्र कुमार यादव, दरोगा नवीन कुमार सिंह (प्रभारी) एसओजी यमुनानगर, हेड कांस्टेबल चालक दिनेश सिंह, कांस्टेबल रंजीत यादव, कांस्टेबल आकाश दीप, कांस्टेबल जसवीर सिंह, कांस्टेबल सिद्धेश्वर पाण्डेय, कांस्टेबल मनोज कुमार, दरोगा प्रमोद यादव (प्रभारी) सर्विलांस सेल संयुक्त टीम द्वारा 03 अन्तर्जनपदीय असलहा तस्कर नीरज मिश्रा पुत्र सत्यदेव मिश्रा निवासी मदरा मुकुन्दपुर थाना मेजा जनपद प्रयागराज, सुनील दुबे पुत्र राम शिरोमणि दुबे उर्फ अमित दुबे निवासी हरसड़ थाना हलिया जनपद मिर्जापुर व सत्य प्रकाश यादव पुत्र विजय नाथ यादव निवासी डोहरिया थाना मेजा जनपद प्रयागराज को सोमवार को पुराना टोल प्लाजा नैनी अंडर पास पुलिया के पास से गिरफ्तार करते हुये उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा व रूपया बरामद करने सफलता प्राप्त हुई।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना नैनी पुलिस व एसओजी यमुनानगर प्रयागराज की संयुक्त टीम द्वारा पुराना टोल प्लाजा नैनी अंडर पास पुलिया के पास से अवैध असलहा तस्करी व विक्रय की सूचना पर घेराबंदी करके अभियुक्तगण नीरज मिश्रा, सुनील दुबे, सत्य प्रकाश यादव उपरोक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त नीरज मिश्रा उपरोक्त के कब्जे से बैग में छः अवैध स्वचालित पिस्टल, चार अवैध तमंचा एवं आठ पिस्टल की खाली मैंगजीन तथा बैंग के ऊपरी पाकेट से सात सौ रूपये व अभियुक्त सुनील दुबे उपरोक्त के कब्जे से दो अवैध स्वचालित पिस्टल तथा अभियुक्त सत्य प्रकाश यादव उपरोक्त के कब्जे से दो अवैध स्वचालित पिस्टल बरामद हुआ। उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि विपिन दूबे निवासी खानपुर थाना मेजा जनपद प्रयागराज की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा पूछताछ पर अभियुक्तगण द्वारा बताया कि हम लोग विपिन दुबे निवासी खानपुर थाना मेजा जनपद प्रयागराज से पिस्टल 26,000/ रुपये व तमंचा 3500/ रुपये के रेट में लेते थे। इसके पूर्व में भी हम लोगों के द्वारा अन्य जनपदों में विपिन के द्वारा बताये गये लोगों को पिस्टल व तमंचा सप्लाई करते रहे है। हम लोग पिस्टल 30,000/ रुपये व तमंचा 4500/- रूपये के रेट में बेचते थे। अपना कमीशन काटकर शेष रुपये विपिन को दे देते थे।
वहीं पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव द्वारा थाना नैनी पुलिस एवं एसओजी यमुनानगर की संयुक्त टीम के द्वारा किये गये उक्त सराहनीय कार्य के फलस्वरूप टीम को उत्साहवर्धन हेतु नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी है।