उत्तर प्रदेश सरकार में बड़ा फेरबदल 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
प्रयागराज (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, पुलिस मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है।
वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी दी गई है। एडीजी बरेली जोन रहे रहमत शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र और सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र भेजा गया है। आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ और तकनीकी सेवाओं में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुमनित को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी बनाया गया है।
आकाश तोमर को पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी, अमित कुमार को ईओडब्ल्यू का एसपी और नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है। डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय और राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर, अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन और दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर का डीसीपी और प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तबादला सूची में तीन अधिकारियों के पहले किए गए स्थानांतरण निरस्त किए गए हैं। इनमें पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत शामिल हैं। पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद का अपर पुलिस उपायुक्त, नीतू को लखनऊ का अपर पुलिस उपायुक्त और अमित कुमावत को आगरा का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
